सोमवार, 2 जनवरी 2012

कोहरे से अभी राहत नहीं, फिर बारिश का भी खतरा

नए साल के दूसरे दिन, सोमवार को भी कोहरे से निजात नहीं मिली है। पूरा उत्‍तर भारत घने कोहरे की चपेट में है। रविवार को हुई बारिश के चलते तापमान भी गिरा है। श्रीनगर में शीतलहर ने इस सालका रिकॉर्ड तोड़ दिया। दूसरी तरफ, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में बारिश होने के बावजूद
तापमान कुछ बढ़ गया।
उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में रविवार को बारिश हुई। फतेहगढ़ और हमीरपुर में तीन सेमी बारिश हुई। वहीं, आगरा और अलीगढ़ में दो-दो सेमी बारिश हुई। विशेषज्ञों ने अगले २४ घंटों में कुछ और इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। तापमान के गिरने से ठंड लौटने की संभावना है। वहीं, कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश रबी की फसल खासकर गेहूं, तिलहन और दालों के लिए काफी अच्छी है। जम्मू-कश्मीर में इस बार की ठंड के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। लेह में तापमान शून्य से १९ डिग्री नीचे चला गया। नजदीकी इलाके करगिल का तापमान शून्य से १६ डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं श्रीनगर का तापमान शून्य से ४.९ डिग्री नीचे रहा। तापमान गिरने से डल झील और पानी के अन्य स्रोत जम गए। हिमाचल प्रदेश में साल के पहले दिन कई हिस्सों में बारिश हुई। हालांकि, यहां बारिश के बावजूद पारा कुछ ऊपर चढ़ा है। मौसम कुछ साफ रहा और पर्यटकों को राहत मिली। यहां के टाउन एअर पोर्ट, जुबेरहाटी में दो मिमी बारिश हुई। शिमला में ०.६ और सुंदरनगर और मंडी में ०.५ मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिले में भी बूंदाबांदी हुई। भारी ठंड के चलते डलहौजी की पंजपूला झील जम गई है। चोटियों पर बर्फबारी से शीतलहर बढ़ गई है। हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान १.४ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला सहित पूरे हिमाचल में अगले कुछ दिनों में बारिश और बर्फबारी के आसार बन गए हैं। इससे कड़ाके की ठंड में और इजाफा हो सकता है। चार जनवरी से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है जिससे अगले तीन दिन तक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। अभी विक्षोभ जम्मू कश्मीर की सीमा के साथ सक्रिय है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार तीन जनवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। दिल्ली समेत उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी बारिश होने के बावजूद तापमान कुछ डिग्री ऊपर बढ़ा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान जहां ८.४ डिग्री और अधिकतम १९.५ डिग्री रहा। पंजाब के लुधियाना में पांच और पटियाला में छह डिग्री तापमान रहा जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। दूसरी तरफ हरियाणा के अंबाला में ६.८ डिग्री तापमान था, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। मध्‍य प्रदेश भी शीत लहर और कोहरे की चपेट में है। बैतुल, होशंगाबाद, हिल स्टेशन पंचमढ़ी व ग्वालियर-चंबल संभाग में रविवार को बारिश के साथ ओले गिरे। इससे दस हजार बीघा फसल नष्ट हो गई। पड़ोसी राज्‍य छत्‍तीसगढ़ में भी राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इससे खरीदी केंद्रों में रखे लाखों क्विंटल धान के बोरे भीग गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें